कलेक्टर ने किया निरीक्षण तो दफ्तर से गायब मिले 39 कर्मचारी, नोटिस जारी
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय कार्यालयों में ‘फाइव डे वीक’ लागू करते हुए कर्मचारियों को हफ्ते में दो दिन का अवकाश देने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद शासकीय कर्मचारी अपनी ड्यूटी को लेकर लापरवाह बने हुए हैं।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब दंतेवाड़ा कलेक्टर दीपक सोनी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 39 कर्मचारी अपने अपने दफ्तरों से नदारद मिले। शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को सुबह 10 से 10:15 बजे के बीच संयुक्त जिला कार्यालय स्थित आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुचिकित्सा, मत्स्य पालन, पीएचई, सहायक पंजीयक, सहकारी संस्थाए एवं अन्य कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सोनी ने विभिन्न शाखाओं के उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया। कलेक्टर कार्यालय में विभिन्न विभागों एवं शाखाओं में 39 अधिकारी, कर्मचारी अनुपस्थित थे। जिन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए पांच कार्य दिवस प्रति सप्ताह प्रणाली प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। छग शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में 2 फरवरी को अधिसूचना भी जारी की गई है। यह अधिसूचना जारी होने की तिथि से प्रभावशील हो गयी है। अधिसूचना के अनुसार समस्त मैदानी कार्यालयों हेतु कार्यावधि सुबह 10 बजे से सायं 5.30 तक निर्धारित है।
हमारे इस वेबसाइट पर आपको ताजा News Update सबसे पहले मिलेगी। चाहे वो Latest News हो, Trending खबरें हो, या फिर Govt Jobs, रोजगार व सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी।
हमारी कोशिश है कि आपके काम की हर खबर आप तक सबसे पहले पहुंचे। अगर आप हमारी खबरों का नोटिफिकेशन तुरंत पाना चाहते हैं तो हमारे WhatsApp ग्रुप और टेलीग्राम चैनल से जुड़ सकते हैं।