PM मोदी के खिलाफ अपशब्दों से नाराजगी, भाजपा अजजा मोर्चा ने फूंका मंत्री कवासी लखमा का पुतला
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में कहे गए अपशब्दों को लेकर भाजपाईयों में आक्रोश है। मंत्री के बयान पर नाराजगी जताते हुए भाजपा अजजा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा लखमा का पुतला फूंका गया।
आबकारी मंत्री के बयान को आड़े हाथों लेते हुए भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने शुक्रवार को बस स्टैंड चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री कवासी लखमा के बयान से क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला दहन कर विरोध प्रकट किया।
बता दें कि जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करने केन्द्रीय संचार राज्य मंत्री देवूसिंह चौहान दन्तेवाड़ा प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के कई शासकीय कार्यों की समीक्षा की एवं सराहना भी किया था।
केंद्रीय मंत्रियों के बस्तर दौरे को जोड़ते हुए प्रदेश के आबकारी एवं जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने सुकमा में एक कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधान मंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया, जिसे भाजपाइयों ने देश का अपमान बताया।
इसी बात से खफा होकर भाजपाइयों ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तत्वाधान में मंत्री कवासी लखमा का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। अजजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुडामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का उपयोग करना मंत्री कवासी लखमा को शोभा नही देता।
मंत्री के इस्तीफे की मांग
मुड़ामी ने कहा कि इन शब्दों का उपयोग मंत्री कवासी लखमा की ओछी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। भारतीय जनता पार्टी मंत्री कवासी लखमा के इन शब्दों की घोर निंदा करती है और ऐसी ओछे शब्दों के उपयोग के लिए उनसे इस्तीफे की मांग करती है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चैतराम आटामी, महामंत्री संतोष गुप्ता, धीरेंद्र प्रताप, अजजा जिला अध्यक्ष मुन्ना मरकाम, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल ठाकुर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष खिरेन्द्र ठाकुर, नपा अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर समेत अन्य कार्यकर्ता रहे।
हमारे इस वेबसाइट पर आपको ताजा News Update सबसे पहले मिलेगी। चाहे वो Latest News हो, Trending खबरें हो, या फिर Govt Jobs, रोजगार व सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी।
हमारी कोशिश है कि आपके काम की हर खबर आप तक सबसे पहले पहुंचे। अगर आप हमारी खबरों का नोटिफिकेशन तुरंत पाना चाहते हैं तो हमारे WhatsApp ग्रुप और टेलीग्राम चैनल से जुड़ सकते हैं।