केशकाल के पास भीषण सड़क हादसा: सरकारी सूमो वाहन और कार की आमने सामने टक्कर… 3 की मौत, दो घायल
केशकाल @ खबर बस्तर। जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर केशकाल के पास हुई सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।
एनएच-30 पर केशकाल ब्लॉक के आंवरभाठा गांव के पास बीती रात यह हादसा हुआ। सरकारी सूमो वाहन और कार की आमने सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें कार चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि अन्य दो युवकों की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।
दर्दनाक हादसे में 3 दोस्तों की मौत
सड़क हादसे में मरने वाले तीनों युवक केशकाल के हैं। दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। घटना के बाद नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया गया है कि घायल युवकों को रायपुर रेफर किया जा रहा था। इसी बीच रास्ते में ही इन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं सूमों में सवार दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, केशकाल निवासी रज्जू पांडेय (45 वर्ष), संतोष पाटिल (38 वर्ष) और अनिल सिन्हा (40 वर्ष) कार क्रमांक सीजी 04 डीई 5000 में नारायणपुर से केशकाल की ओर आ रहे थे। इसी बीच आंवरभाठा के पास इनकी कार की विपरीत दिशा से आ रही सूमो वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार चालक रज्जू पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटा कर यातायात बहाल किया गया।
सूमो में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका फरसगांव के अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि वन विभाग के दो कर्मचारी शासकीय सूमो वाहन में रायपुर से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। तभी रात लगभग 10 बजे केशकाल ब्लॉक के ग्राम आंवरभाठा के पास दोनों वाहनों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
लेनी पड़ी जेसीबी की मदद
तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन एक-दूसरे में बुरी तरह से फंस गए। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान चालक रज्जू पांडेय का शव जेसीबी की मदद से कार से बाहर निकालना पड़ा।
- आपको यह खबर पसंद आई तो इसे अन्य ग्रुप में Share करें…
हमारे इस वेबसाइट पर आपको ताजा News Update सबसे पहले मिलेगी। चाहे वो Latest News हो, Trending खबरें हो, या फिर Govt Jobs, रोजगार व सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी।
हमारी कोशिश है कि आपके काम की हर खबर आप तक सबसे पहले पहुंचे। अगर आप हमारी खबरों का नोटिफिकेशन तुरंत पाना चाहते हैं तो हमारे WhatsApp ग्रुप और टेलीग्राम चैनल से जुड़ सकते हैं।