निजीकरण के रास्ते आरक्षण खत्म करने की साजिश… यूथ कांग्रेस में उर्जा का संचार करने पहुंचे लीडर, केन्द्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प
पंकज दाऊद @ बीजापुर। यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं छग प्रभारी सुश्री एकता ठाकुर ने आशंका जताई है कि निजीकरण से बेरोजगारी बढ़ेगी और फिर धीरे से आरक्षण को भी समाप्त कर दिया जाएगा।
यहां आवापल्ली में युवक कांग्रेस के सम्मेलन में पहुंची एकता ठाकुर ने जिले के यूथ कांग्रेस के विधायक एवं सांसद बनाने में योगदान की तारीफ करते कहा कि अभी संघर्ष थमा नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी एवं झूठ परोसने वाली केन्द्र सरकार को सत्ता से बाहर करना है।
किसान विरोधी मोदी सरकार लाभ में चलने वाले उद्यमों का निजीकरण कर रही है। आजादी के बाद से देश की अभी अर्थव्यवस्था सबसे खराब है। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद्र पाढ़ी कोको ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश को एक व्यवस्था में ढाला और अब ये व्यवस्था मोदी सरकार बेच रही है।
देश में रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं। आर्थिक व्यवस्था चरमरा गई है। कांग्रेस ने देश में पंचायती राज लागू किया। मनरेगा अधिनियम एवं वनाधिकार पट्टा वितरण शुरू किया। भूपेश सरकार इसे अच्छे से अमलीजामा पहना रही है। हमें भूपेश सरकार के काम को घर घर पहुंचाना है और यूथ कांग्रेस को मजबूत बनाना है।
केन्द्र की नकारा मोदी सरकार को भी उखाड़ फेंकना है क्योंकि यह सरकार चंद लोगों की सरकार है जबकि कांग्रेस गरीब, किसान, दलित और पिछड़ों की हितैषी है। पंद्रह साल में छग में भाजपा ने जो नहीं किया, वो भूपेष सरकार ने दो साल में कर दिखाया।
सभा को यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चाकेश्वर गढ़पायले, प्रदेश सचिव दुर्गेश राय, सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी, युकां प्रदेश सचिव सुशील मौर्य, आईसीसी मेंबर नीना रावतिया उद्दे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, जनपद उपाध्यक्ष मनोज अवलम आदि ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम ने किया जबकि स्वागत उद्बोधन युथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष एजाज सिद्दिकी ने दिया। इस मौके पर कांग्रेस नेता इम्तियाज खान, सुखदेव नाग, बब्बू राठी, रामू सोढ़ी, राजेश वासम, विनोद तालुकदार, विक्रम दासरी आदि मौजूद थे।
कुशासन से मिली मुक्ति- विक्रम
बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विक्रम शाह मण्डावी ने कहा कि छग ने भाजपा के 15 साल के कुशासन से मुक्ति पा ली है और अब तरक्की के नए आयाम यहां की जनता देख रही है। दो साल में ही काफी काम हुए हैं। अभी और काम बाकि हैं। बाकि के तीन साल में छग तेजी से तरक्की करेगा।
यूथ कांग्रेस अब पंचायत स्तर पर काम कर रही है और गांवों तक विकास की योजनाओं को पहुंचा रही है। एक बार जीत हासिल होने से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं होंगे। अभी संघर्ष बाकि है। विक्रम मण्डावी ने कहा कि यूथ कांग्रेस के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के आने से स्थानीय कार्यकर्ताओं का मनोबल निश्चित तौर पर बढ़ा है।
हमारे इस वेबसाइट पर आपको ताजा News Update सबसे पहले मिलेगी। चाहे वो Latest News हो, Trending खबरें हो, या फिर Govt Jobs, रोजगार व सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी।
हमारी कोशिश है कि आपके काम की हर खबर आप तक सबसे पहले पहुंचे। अगर आप हमारी खबरों का नोटिफिकेशन तुरंत पाना चाहते हैं तो हमारे WhatsApp ग्रुप और टेलीग्राम चैनल से जुड़ सकते हैं।